हिसार | हिसार में अदालत के आदेश पर मकान खाली कराने पहुंची पुलिस टीम के सामने एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना मंगलवार को 12 क्वार्टर क्षेत्र स्थित राम विहार कॉलोनी में हुई, जहां मकान से सामान हटाए जाने के दौरान वहां रह रहे 50 वर्षीय राजेश ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाई, लेकिन तब तक राजेश के चेहरे और हाथ झुलस चुके थे। आग बुझाने के प्रयास में पीएसआई संदीप का हाथ भी झुलस गया। घटना के बाद पुलिसकर्मी राजेश को ऑटो में बैठाकर नागरिक अस्पताल ले जा रहे थे, तभी स्थानीय लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
पथराव में ईएसआई बृजलाल और एक महिला पुलिसकर्मी को चोटें आईं, जबकि पुलिस बस के शीशे टूट गए। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एएसपी मुदगिल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बहाल कराई।
सूचना मिलने पर सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। गंभीर रूप से झुलसे राजेश को बेहतर उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित की पत्नी ने बताया कि उन्होंने करीब 15 वर्ष पहले कृष्ण नामक व्यक्ति से यह मकान 2.40 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, अदालत कर्मियों के अनुसार संपत्ति विवाद में न्यायालय ने कृष्ण के पक्ष में फैसला सुनाया था, जिसके बाद मकान खाली कराने की कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।