90 प्रतिशत होटल बुक
Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिला का विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी नए साल के जश्न के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रहा है। पहाड़ों की रानी कही जाने वाली डलहौजी और खजियार क्षेत्र में पर्यटकों की भारी आमद शुरू हो चुकी है। नए साल से पहले ही डलहौजी-खजियार के लगभग 90 प्रतिशत होटल बुक हो चुके हैं, जिससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है।
नववर्ष के मौके पर पर्यटकों के मनोरंजन को लेकर डलहौजी में विशेष विंटर फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। इस विंटर फेस्ट के माध्यम से चंबा जिले की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगीतों की झलक पर्यटकों को देखने को मिल रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने डलहौजी की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं और पर्यटक यहां के रंग-बिरंगे आयोजन का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।गौरतलब है कि डलहौजी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और ऐतिहासिक महत्व के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर साल लाखों पर्यटक यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन और पर्यटन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
पर्यटन विभाग की ओर से होटल कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नए साल के जश्न के दौरान पर्यटकों के साथ मैत्रीपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। साथ ही, किसी भी तरह की मनमानी या अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि पर्यटक डलहौजी की अच्छी यादें अपने साथ लेकर जाएं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि नए साल से पहले ही लगभग 90 प्रतिशत होटल बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि “चलो चंबा” अभियान के तहत विंटर फेस्ट का आयोजन किया गया है, जिससे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया जा सके। इसके साथ ही होटल कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे पर्यटकों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखें.प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार का नववर्ष पर्यटन के लिहाज से डलहौजी के लिए यादगार साबित होगा।