भिवानी | मुंढाल खुर्द स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में 11.03 लाख रुपये का कृषि ऋण फर्जी दस्तावेजों और झूठे हलफनामों के आधार पर हासिल करने का मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधक मंदीप की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, महिला ने 18 सितंबर 2018 को किसान क्रेडिट योजना के तहत लोन के लिए आवेदन किया। उसने बैंक में जमाबंदी, इंतकाल और खसरा गिरदावरी की नकली प्रतियां जमा करवाई, जिन्हें बाद में फर्जी पाया गया। हलफनामे में महिला ने दावा किया कि उसके ऊपर कोई बकाया नहीं है, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार 9 अगस्त 2016 से ही मुंढाल के एक अन्य बैंक पर 7.32 लाख और 3.30 लाख रुपये का ऋण बकाया था।
इस महिला ने कुल 11.03 लाख रुपये का कर्ज तीन श्रेणियों में लिया: किसान क्रेडिट कार्ड लोन 8.03 लाख रुपये, डेबिट स्वैप सुविधा लोन 1.00 लाख रुपये और काम्बो लोन 2.00 लाख रुपये। जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने 21 सितंबर 2018 को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से बैंक के नाम एक मोरगेट डीड रजिस्ट्री पेश की और 25 सितंबर को खेवट वर्ष 2012-13 की जमाबंदी जमा करवाई, जिसमें 11.03 लाख रुपये का लोन दिखाया गया था।
पुलिस अब दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान करने में लगी है। इस घटना से बैंकिंग सुरक्षा और कर्ज प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता सामने आई है।