फतेहगढ़ साहिब | पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक साधारण किसान की किस्मत ने रातों-रात बदल दी। महज 7 रुपये में खरीदी गई लॉटरी टिकट ने किसान बलकार सिंह को करोड़पति बना दिया।
माजरी सोढियां गांव निवासी बलकार सिंह ने सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट 24 दिसंबर को सरहिंद स्थित बिट्टू लॉटरी स्टॉल से खरीदा था। उसी दिन लॉटरी का ड्रॉ हुआ, लेकिन परिणाम की पुष्टि में कुछ दिनों का समय लगा। जब विजेता घोषित हुआ, तो पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
बलकार सिंह पिछले करीब एक दशक से इसी स्टॉल से लॉटरी टिकट खरीदते आ रहे हैं। इससे पहले भी उन्हें कई छोटे इनाम मिल चुके हैं, जिनमें 90 हजार रुपये तक का पुरस्कार भी शामिल है। खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले बलकार सिंह ने इस जीत को मेहनत और किस्मत का फल बताया।
गांववासियों ने किसान की इस सफलता पर अपनी खुशी जताते हुए उन्हें बधाइयाँ दीं। इस जीत ने साबित कर दिया कि कभी-कभी छोटी चीजें भी बड़ी खुशियाँ ला सकती हैं।