तरनतारन | पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। AGTF पंजाब ने तरनतारन पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सीमावर्ती इलाके में टारगेट किलिंग की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल (.32 बोर) और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेश में बैठे कुख्यात अपराधियों प्रभ दासूवाल और डोनी बल के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये लोग तरनतारन और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में कुछ चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
पंजाब पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिटी तरनतारन में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी।