छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 10 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया है। इसके अलावा पड़ोसी बीजापुर जिले में भी अलग मुठभेड़ के दौरान दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इन घटनाओं को सुरक्षाबलों की अब तक की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, सुकमा जिले के घने जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। कई घंटों तक चली इस मुठभेड़ में अब तक 10 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है।
मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शव, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है, क्योंकि कुछ नक्सलियों के जंगल में भागने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
वहीं, बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
फिलहाल, दोनों जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।