तरनतारन | तरनतारन जिले के जसमस्तपुर पुल के पास देर रात पुलिस और ड्रग तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो ड्रग तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ बाबा, निवासी गांव बासी (सुर सिंह) और जजप्रीत सिंह, निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। डीएसपी डिटेक्टिव जगजीत सिंह ने बताया कि जसमस्तपुर ड्रेन के पास पुलिस पार्टी ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को रुकने का इशारा किया था। इसी दौरान गाड़ी सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
अचानक हुए हमले में एएसआई किरपाल सिंह बाल-बाल बच गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 59 हजार रुपये की ड्रग मनी, 770 ग्राम हेरोइन और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि अवतार सिंह बाबा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ तरनतारन सिटी थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर जांच में जुटी हुई है।