Dharamshala, Rahul-:जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित न्यायालय परिसर में बम होने की सूचना से गुरुवार दोपहर अफरा-तफरी मच गई। ई-मेल के माध्यम से बम रखे जाने की धमकी मिलने के बाद एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया। सूचना मिलते ही वकील, न्यायालय स्टाफ और आम लोग सुरक्षित रूप से परिसर से बाहर निकल आए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत भवन, बार रूम और आसपास के क्षेत्रों को अपने नियंत्रण में लेकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुछ समय के लिए न्यायालय का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा।जिला बार एसोसिएशन धर्मशाला के पूर्व प्रधान एडवोकेट तरुण शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर जब वकील बार रूम में लंच कर रहे थे, तभी उन्हें परिसर खाली करने की सूचना दी गई। पूछने पर पता चला कि ई-मेल के जरिए कैंपस में बम होने की धमकी मिली है। इसके बाद सभी वकील तुरंत बाहर आ गए।
तरुण शर्मा ने कहा कि इस तरह की धमकियां पहली बार नहीं मिली हैं। इससे पहले भी न्यायालय परिसर को लेकर इस तरह की सूचनाएं सामने आती रही हैं। बार-बार मिल रही इन धमकियों से न केवल भय का माहौल बनता है, बल्कि न्यायिक कार्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने जांच एजेंसियों से मांग की कि इन धमकियों की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।फिलहाल पुलिस और बम स्क्वायड द्वारा जांच प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वास्तविक थी या अफवाह। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।