Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिले के कोठीपुरा में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं।एम्स को शिमला–मटौर फोरलेन से जोड़ने के लिए सर्विस लेन के माध्यम से सीधा संपर्क प्रदान किया जाएगा।इसके साथ ही भविष्य में मरीजों और उनके परिजनों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए एम्स परिसर में उपयुक्त पार्किंग सुविधा विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
इन महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एम्स प्रबंधन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एम्स से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि बैठक में शिमला–मटौर फोरलेन से एम्स परिसर तक सर्विस लेन के निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई।उन्होंने कहा कि यह लेन न केवल मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही को सुगम बनाएगी,बल्कि ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत दिलाएगी।इसके साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा विकसित करने पर भी सहमति बनी है।उपायुक्त ने बताया कि इन परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी।एम्स प्रबंधन और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बैठकों का आयोजन कर कार्य की समीक्षा की जाएगी, ताकि तय समयसीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि एम्स आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।