नई दिल्ली | डिजिटल युग में जहां स्मार्टफोन ने हमारी जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधियों ने इसे ठगी का हथियार बना लिया है। हाल ही में सामने आया DMV स्कैम ऐसा ही एक नया फिशिंग फ्रॉड है, जो ट्रैफिक चालान या वाहन पंजीकरण के नाम पर लोगों को चूना लगा रहा है।
क्या है DMV स्कैम?
इस साइबर ठगी में आपके फोन पर एक ऐसा मैसेज आता है जो देखने में किसी सरकारी विभाग का लगता है — जैसे लिखा होता है कि आपने ट्रैफिक नियम तोड़ा है या गाड़ी से जुड़ी कोई कार्रवाई लंबित है। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही आप एक नकली वेबसाइट पर पहुंचते हैं, जहां आपसे बैंक डिटेल्स, क्रेडिट कार्ड नंबर या निजी जानकारी भरने को कहा जाता है।
कैसे बनाते हैं स्कैमर्स मैसेज को असली जैसा?
• स्कैम मैसेज में “.gov” जैसे सरकारी डोमेन का इस्तेमाल किया जाता है
• नकली वेबसाइट पर क्लिक करते ही आपकी डिवाइस में मालवेयर डाउनलोड हो सकता है
• ये मालवेयर फोन में मौजूद संवेदनशील जानकारी चुरा सकता है
कितनी तेजी से फैल रहा है ये स्कैम?
एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार जून 2025 में अमेरिका में ऐसे मैसेजों की संख्या में 700% की बढ़ोतरी देखी गई है। माना जा रहा है कि इस स्कैम का संचालन चीन से किया जा रहा है। एक स्कैमर अकेले दिन में 20 लाख से अधिक मैसेज भेज सकता है।
एक क्लिक से हो सकता है बड़ा नुकसान
- बैंक खाते से पैसे उड़ सकते हैं
- डेबिट/क्रेडिट कार्ड की जानकारी लीक हो सकती है
- फोन में वायरस या स्पाईवेयर इंस्टॉल हो सकता है
- पहचान की चोरी या दुरुपयोग हो सकता है
ऐसे बचें DMV और अन्य फिशिंग स्कैम से:
- फर्जी मैसेज से सतर्क रहें – किसी अनजान नंबर से सरकारी कार्रवाई से जुड़ा मैसेज मिले तो लिंक पर क्लिक न करें
- केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें – जानकारी के लिए सीधे सरकारी पोर्टल या ऐप का उपयोग करें
- URL की जांच करें – सरकारी साइट्स आमतौर पर “gov.in” या “nic.in” डोमेन पर होती हैं
- सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करें – अच्छे एंटीवायरस या मोबाइल सिक्योरिटी ऐप का उपयोग करें
- OTP और पासवर्ड किसी से साझा न करें – कोई भी संस्था फोन पर यह जानकारी नहीं मांगती
भारत में भी हो चुके हैं ऐसे मामले
DMV स्कैम की तर्ज पर भारत में भी Paytm KYC स्कैम, EPFO लिंक स्कैम, और सिम ब्लॉकिंग स्कैम जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें फर्जी मैसेज के जरिए लोगों से संवेदनशील जानकारी ली गई और उनके खातों से पैसे गायब हो गए।