पलवल। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने पलवल से प्रयागराज माघ मेला के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है। मंगलवार को हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने पलवल बस स्टैंड से विधिवत नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर इस स्पेशल बस को रवाना किया। यह सेवा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले माघ मेला और महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए शुरू की गई है।
यह विशेष बस सेवा प्रतिदिन सुबह 8 बजे पलवल बस स्टैंड से रवाना होगी। बस मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर और फतेहपुर होते हुए करीब 645 किलोमीटर का सफर तय कर रात लगभग 8 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। यात्रियों से 900 रुपये प्रति व्यक्ति किराया लिया जाएगा। वहीं, प्रयागराज से वापसी के लिए बस शाम 5 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह करीब 5 बजे पलवल पहुंचेगी।
बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सीधी बस सुविधा शुरू होने से जिले के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें प्रयागराज पहुंचने के लिए बार-बार वाहन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे बिना किसी परेशानी के माघ मेला दर्शन और संगम स्नान का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि माघ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर अधिक से अधिक लोग अपने परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचकर गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम में पवित्र स्नान करें। उन्होंने कहा कि संगम स्नान से आत्मिक शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
गौरव गौतम ने यह भी जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माघ मेला क्षेत्र में सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और ठहरने की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने युवाओं से भी ऐसे धार्मिक आयोजनों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।
इस मौके पर हरियाणा राज्य परिवहन पलवल के महाप्रबंधक जितेंद्र सिंह यादव, लेखाकार राजकुमार, प्रधान वीरेंद्र कुमार गौतम, यार्ड मास्टर कुलबीर देशवाल, ऑडिटर बीरसिंह देशवाल, कैशियर नरेंद्र कुमार, ट्रैफिक मैनेजर सतेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।