Chamba, Manjur Pathan-:हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण देश-विदेश के सैलानियों के बीच हमेशा आकर्षण का केंद्र रही है। चंबा जिला के विभिन्न पर्यटन स्थलों में वर्ष 2025 के अंत तक छह लाख से अधिक पर्यटकों ने पहुंचकर यहां की खूबसूरत वादियों का आनंद लिया। हालांकि यह आंकड़ा वर्ष 2024 की तुलना में कम रहा है।
पर्यटन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में चंबा जिला के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर करीब 11 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर छह लाख से कुछ अधिक रह गई। इस गिरावट का मुख्य कारण प्राकृतिक आपदाएं और कुछ अन्य परिस्थितियां बताई जा रही हैं, जिनका सीधा असर पर्यटन गतिविधियों पर पड़ा।
पर्यटन अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2025 पर्यटन की दृष्टि से औसत रहा, लेकिन आने वाला वर्ष 2026 चंबा और डलहौजी के लिए कहीं बेहतर साबित हो सकता है। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा कई नए प्रयास और योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक सैलानियों को आकर्षित किया जा सके।जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2025 में चंबा जिला में छह लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिनमें 900 से ज्यादा विदेशी सैलानी भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के चलते इस वर्ष पर्यटकों की संख्या अपेक्षा से कम रही, लेकिन अब हालात सामान्य हो रहे हैं।
राजीव मिश्रा ने उम्मीद जताई कि 2026 पर्यटन के लिहाज से एक बेहतरीन वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने, प्रचार-प्रसार बढ़ाने और नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.पर्यटन विभाग को विश्वास है कि आने वाले समय में डलहौजी और चंबा एक बार फिर सैलानियों की पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शुमार होंगे।