टोहाना | हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी आम बात थी, जबकि भाजपा सरकार ने गैस कनेक्शन को आम आदमी की पहुंच तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की नीतियों के कारण गैस सिलेंडर आलू-प्याज की तरह आसानी से हर घर तक उपलब्ध हो रहे हैं।
टोहाना के गांव समैन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री बेदी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस सिलेंडर और चूल्हे वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहले गैस कनेक्शन केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित थे और ग्रामीण इलाकों में महिलाएं आज भी लकड़ी व उपलों पर निर्भर थीं।
मंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ग्रामीण क्षेत्रों में गैस कनेक्शन की नींव रखी थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में उज्ज्वला योजना के माध्यम से व्यापक रूप दिया। इस योजना के तहत गरीब और वंचित परिवारों की महिलाओं को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन देकर उन्हें धुएं से मुक्त रसोई का लाभ दिया गया।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और आंखों व फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों में कमी आई है। साथ ही, यह योजना महिला सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हुई है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार स्वच्छ ईंधन से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में भाजपा नेता जयदीप बराला ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना ने गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का सही उपयोग करने और अपने परिवार को स्वस्थ रखने की अपील की।