चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-20 के श्मशानघाट के पास मिले कंकाल की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस जांच में यह कंकाल क्लब डांसर माधुरी उर्फ सिमरन का निकला है। मृतका की पहचान उसके हाथ पर गुदे ‘आई लव इंद्र’ टैटू के जरिए की गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है और अब आखिरी ऑनलाइन पेमेंट को अहम सुराग मानकर पड़ताल की जा रही है।
माधुरी मूल रूप से पंजाब के कपूरथला जिले के मोहल्ला जट्टपुरा की रहने वाली थी। वह अक्टूबर 2025 से जीरकपुर के स्वास्तिक विहार में अपने लिव-इन पार्टनर इंद्र के साथ रह रही थी और आसपास के क्लबों में डांस का काम करती थी। 13 नवंबर 2025 की रात वह घर नहीं लौटी, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिवार और परिचितों की तलाश के बावजूद उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका।
करीब डेढ़ महीने बाद 30 दिसंबर 2025 को पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-20 के श्मशानघाट के पास एक कंकाल बरामद किया था, जो शुरुआती जांच में लगभग दो महीने पुराना बताया गया। पुलिस ने पहचान के लिए जैकेट, टैटू और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान इंद्र के दोस्त और जीरकपुर निवासी विक्की ने कंकाल की पहचान माधुरी के रूप में की।
डीएसपी सोमबीर ढाका के अनुसार, पहचान की पुष्टि के बाद हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अभी तक हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि माधुरी अकसर नकदी न होने पर ग्राहकों से ऑनलाइन पेमेंट अपने मोबाइल पर मंगवाती थी। घटना वाली रात भी उसके खाते में 450 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजैक्शन आई थी। विक्की ने बताया कि जब माधुरी का पता नहीं चला तो उसने उस अंतिम पेमेंट करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसने दावा किया कि वह उसे पटियाला रोड पर छोड़कर चला गया था। अब पुलिस इसी आखिरी पेमेंट और उससे जुड़े व्यक्ति को तलाश कर हत्या की कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है।