Shimla, 16 January-:हिमाचल प्रदेश में डाक विभाग 331 ग्रामीण डाक सेवक (GDS) पदों पर भर्ती करने जा रहा है। विभाग ने इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। कुल 331 पदों में से 137 पद सामान्य (अनारक्षित) श्रेणी के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा, 62 पद ओबीसी, 83 पद अनुसूचित जाति (SC), 12 पद अनुसूचित जनजाति (ST) और 37 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं।
डाक विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल रखा है। ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया 10 फरवरी 2026 से शुरू होकर 3 मार्च 2026 तक चलेगी। आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए 6 मार्च से 8 मार्च 2026 तक का विशेष समय दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा और न ही उसमें संशोधन की अनुमति दी जाएगी।भर्ती के तहत ब्रांच पोस्ट मास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर (ABPM) और ग्रामीण डाक सेवक के पद भरे जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी और इसमें किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।
भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। नियमानुसार आरक्षित वर्गों के लिए आयु सीमा में छूट भी दी गई है। इस भर्ती में प्रतिभाग करने वाले उम्मीदवारों को अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करना होगा।