Facebook-f Youtube X-twitter

सरकीधार बना जनसहयोग की मिसाल, ग्रामीणों ने शिक्षा के मंदिर के लिए दान किए घर और जमीन

Mandi,Dharamveer-:अगर जनसहयोग और शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल देखनी हो, तो देवभूमि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के बल्ह उपमंडल अंतर्गत सरकीधार गांव अवश्य जाना चाहिए। यहां के ग्रामीणों ने यह साबित कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों, तो विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा की लौ बुझने नहीं दी जाती। प्राकृतिक आपदा से तबाह हुए स्कूल को फिर से खड़ा करने के लिए ग्रामीणों ने न सिर्फ अपने मकान स्कूल संचालन के लिए खोल दिए, बल्कि नए भवन के निर्माण के लिए अपनी कीमती जमीन भी दान कर दी।

वर्ष 2023 और 2025 की प्राकृतिक आपदाएं हिमाचल प्रदेश के लिए गहरे जख्म छोड़ गईं। 13 अगस्त 2023 को आई आपदा में मंडी जिला का हाई स्कूल सरकीधार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्कूल भवन के ध्वस्त होने से बच्चों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया था, लेकिन गांव के लोगों ने इस संकट को अवसर में बदलते हुए अनुकरणीय पहल की।

स्कूल में पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए गांव के दिनेश शर्मा और उनके चाचा चिरंजी लाल शर्मा ने अपने घर के आठ कमरे निशुल्क स्कूल संचालन के लिए उपलब्ध करा दिए। दिनेश शर्मा इस स्कूल की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के प्रधान भी हैं। उन्होंने बताया कि आपदा के बाद गांव की बैठक बुलाई गई, जिसमें सभी ग्रामीणों ने अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया। इस सहयोग से अस्थायी कक्षाओं के लिए कमरों की छतों पर टीन शेड लगाकर अतिरिक्त स्थान तैयार किया गया। आज इन्हीं अस्थायी कमरों में स्कूल का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

जनसहयोग की यह मिसाल यहीं तक सीमित नहीं रही। जब स्कूल के नए भवन के निर्माण की बात आई, तो गांव के दानी सज्जनों ने खुलकर सहयोग किया। हाई स्कूल सरकीधार के प्रधानाचार्य लीलाधर शर्मा ने बताया कि दिनेश शर्मा और चिरंजी लाल शर्मा ने अपने मकान स्कूल के लिए देने के बदले शिक्षा विभाग से एक रुपया भी नहीं लिया, बल्कि हर समय सहयोग के लिए आगे रहे।इसके अलावा गांव के पंडित क्षमाकर ने स्कूल भवन निर्माण के लिए 10 बिस्वा भूमि दान में दी। वहीं, सेवानिवृत कानूनगो नंद लाल शर्मा और सेवानिवृत मुख्य अभियंता धनी राम शर्मा ने भी दो-दो बिस्वा जमीन स्कूल के नाम दान कर दी। इसके साथ ही एफसीए के तहत लगभग दो बीघा भूमि भी स्कूल के नाम पर स्वीकृत की गई है, जहां नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है।

शिक्षा विभाग ने भी इस जनसहयोग की सराहना की है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक यशवीर धीमान ने स्कूल संचालन में सहयोग कर रहे सभी दानी सज्जनों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नए स्कूल भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूरा कर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।अगर शिक्षा की गुणवत्ता की बात करें, तो सरकीधार स्कूल हर वर्ष उत्कृष्ट परिणाम देता रहा है। विद्यालय के छात्र नियमित रूप से मेरिट सूची में स्थान बनाते हैं। वर्तमान समय में स्कूल में कुल 90 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 44 बच्चे प्राइमरी विंग और 46 बच्चे हाई विंग में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के प्रति ऐसा समर्पण दुर्लभ है। सरकीधार गांव के लोगों ने यह साबित कर दिया है कि जब समाज एकजुट होता है, तो किसी भी आपदा के बाद पुनर्निर्माण संभव है। शिक्षा के मंदिर के लिए दिया गया यह योगदान न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श उदाहरण भी है।

Chandrika

chandrika@summerexpress.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

कुल्लू में कूड़ा डंपिंग साइट को लेकर बढ़ा विरोध, समाधान न हुआ तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

कुल्लू,17 अप्रैल -:नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 3 में स्थित कूड़ा डंपिंग साइट को हटाने की मांग अब तेज हो गई है। स्थानीय निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से मिला और समस्या के जल्द समाधान की मांग रखी। लोगों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच, सरवरी नदी के पास बनाई...

20 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम रहेगा खराब, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश में अप्रैल का आधा महीना बीत जाने के बावजूद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 19 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी...

हिमाचल कैबिनेट के बड़े फैसले: किसानों को MSP राहत और 1500 पदों को मंजूरी

शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें रोजगार, कृषि और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने विभिन्न विभागों में लगभग 1500 नए पद सृजित करने को मंजूरी दी...

गैंगस्टर से जान से मारने की धमकी मिली: मासूम शर्मा का बड़ा दावा

Summer express, चंडीगढ़। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें गैंगस्टर की ओर से जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि उनके अमेरिका में रह रहे भाई को फोन कर धमकाया गया और कहा गया कि “मासूम का 20-25 करोड़ रुपये का बीमा करवा लो, उसके...

स्वारघाट के बलिया में छात्रों पर नशे का आरोप, ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ा

बिलासपुर,सुभाष-:बिलासपुर जिले के स्वारघाट उपमंडल के बलिया क्षेत्र में कुछ छात्रों को कथित तौर पर नशा करते हुए पकड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों को लंबे समय से इलाके में युवाओं की संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी।इसी के चलते ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कुछ छात्रों को घेर...

हम लाते हैं तेज़, साफ़ और भरोसेमंद ख़बरें — शोर के बीच भी सच्चाई तक पहुंचाने वाली।
चाहे ब्रेकिंग न्यूज़ हो या आपके लिए अहम कहानियाँ, हर दिन हम देते हैं समझदारी और रोचक अंदाज़ में कवरेज।

Must Read

©2025- All Right Reserved.