Shimla,Sanju-:शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में स्थित विशाल मेगामार्ट के बाहर सीटू से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मेगामार्ट प्रबंधन श्रम कानूनों का खुलेआम उल्लंघन कर रहा है, जिससे कर्मचारियों का शोषण हो रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें अब तक न तो पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराए गए हैं और न ही ईपीएफ जैसी बुनियादी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सही लाभ दिया जा रहा है।कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर रेस्ट रूम की कोई उचित व्यवस्था नहीं है और न ही साप्ताहिक अवकाश या छुट्टियों को लेकर कोई स्पष्ट नियम लागू किए गए हैं। इन परिस्थितियों में कर्मचारियों को मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सीटू प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक विरोधी नीतियों और श्रम कानूनों के उल्लंघन के खिलाफ 12 फरवरी को देशभर में हड़ताल और धरना आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि विशाल मेगामार्ट के कर्मचारी भी इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन में भाग लेंगे।विजेंद्र मेहरा ने सरकार और श्रम विभाग से मांग की कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।