Kangra, Sanjeev-:विधानसभा क्षेत्र नूरपुर की पंचायत सुलयाली में वीरवार को शोक की लहर दौड़ गई, जब स्थानीय निवासी एवं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत एएसआई कुलदीप धीमान के आकस्मिक निधन की खबर सामने आई। जानकारी के अनुसार कुलदीप धीमान का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से अचानक निधन हो गया। वह वर्तमान में राजस्थान के बाड़मेर में 47वीं वाहिनी बीएसएफ में तैनात थे।
कुलदीप धीमान के निधन से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है। उनके परिवार में माता सुंदरा देवी (77), पत्नी रानी देवी (54), पुत्र शुभम धीमान (31), पुत्री रूवीना धीमान (27) और दो भाई मनोज धीमान व ज्योति धीमान शामिल हैं। उनके आकस्मिक निधन ने परिवार और क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया है।बुधवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव सुलयाली पहुंचा, लेकिन समय की बाधा के कारण अंतिम संस्कार नहीं हो सका। वीरवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर 47वीं वाहिनी बीएसएफ बाड़मेर के सहायक कमांडेंट रजिंद्र कुमार के नेतृत्व में जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।अंतिम संस्कार में नूरपुर के एसडीएम अरुण कुमार शर्मा, विधायक रणवीर सिंह निक्का, भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राकेश पठानिया सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एसडीएम अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि कुलदीप धीमान का अचानक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में साहस देने की प्रार्थना की।
विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि कुलदीप धीमान देश सेवा में समर्पित और बहादुर जवान थे। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन उनकी अचानक मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया। पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि गांव और देश ने एक वीर सपूत खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य देने की कामना की।कुलदीप धीमान के निधन की खबर ने न केवल उनके परिवार को, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। उनका जीवन और सेवा की भावना हमेशा लोगों के दिलों में याद रखी जाएगी।