Dharamshala,Rahul-:धर्मशाला में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस अड्डा निर्माण को लेकर उठे विवाद पर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है.डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित कंपनी बस अड्डे का निर्माण नहीं करती है तो सरकार उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
सोमवार को धर्मशाला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि बस अड्डा निर्माण को लेकर हुए करार में कई तरह के विवाद सामने आए हैं। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी की मंशा बस अड्डा बनाने की होती, तो अब तक निर्माण कार्य शुरू हो चुका होता, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि एग्रीमेंट के तहत करार होते ही बस अड्डे की भूमि कंपनी को सौंप दी गई थी, जो पहले ही उनके हवाले की जा चुकी है। बावजूद इसके कंपनी ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना बस अड्डा बनाए ही कंपनी को अन्य माध्यमों से अच्छी कमाई हो रही है, जिसके चलते उसने निर्माण कार्य को टालने का मन बना लिया है।
डिप्टी सीएम ने दो टूक कहा कि यह मामला सरकार के संज्ञान में है और यदि कंपनी ने तय शर्तों के अनुसार बस अड्डे का निर्माण नहीं किया, तो सरकार सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी। प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े इस प्रोजेक्ट को हर हाल में पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।