जालंधर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर गुरु रविदास महाराज जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और नतमस्तक होंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा पूरी तरह से गुरु रविदास महाराज जी की जयंती को समर्पित रहेगा। डेरा सचखंड बल्लां में होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और डेरा प्रबंधन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की खबर से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में अनुयायियों के डेरा सचखंड बल्लां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गौरतलब है कि गुरु रविदास महाराज जी का जीवन संदेश सामाजिक समरसता, समानता और मानवता पर आधारित रहा है। उनकी जयंती पर देश-विदेश से श्रद्धालु पंजाब पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा इस पावन अवसर को और भी ऐतिहासिक बनाने वाला माना जा रहा है।