Mandi, Dharamveer-:पराशर झील के पास की पहाड़ियों में एक दुर्लभ ‘हिमालयन रेड फॉक्स’ को कैमरे में कैद किया गया है। मंडी जिले में इसे देखना विशेषज्ञों के लिए भी हैरान कर देने वाला रहा।
वन्यजीव फोटोग्राफर और जीवविज्ञानी सूरज भाटिया ने बताया कि यह लाल लोमड़ी पहाड़ी की धूप में आराम कर रही थी। आमतौर पर इंसानी आवाज सुनते ही भाग जाने वाला यह जीव इस बार काफी देर तक कैमरे के सामने बैठा रहा, मानो तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करवाने का अवसर दे रहा हो।
सूरज ने कहा कि इस लाल लोमड़ी की सुनहरी-लाल फर और लंबी झाड़ीदार पूंछ बर्फबारी के बाद की धूप में और भी खूबसूरत लग रही थी। यह प्रजाति सामान्यतः स्पीति, किन्नौर और लाहौल जैसे ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में देखी जाती है। पराशर (लगभग 2,730 मीटर की ऊंचाई) में इसकी मौजूदगी क्षेत्र के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत है।विशेषज्ञों के अनुसार, रेड फॉक्स पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाती है। यह चूहों और अन्य छोटे जीवों का शिकार करके आबादी को नियंत्रित करती है। इस प्रकार, पराशर के आसपास का जंगल अभी भी प्राकृतिक और सुरक्षित है।
सूरज ने पर्यटकों से अपील की कि वन्यजीवों के करीब जाकर उन्हें परेशान न करें और किसी भी प्रकार का भोजन न दें। साथ ही, कचरा फैलाने से बचें ताकि इन दुर्लभ जीवों का प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सके।यह दुर्लभ साक्ष्य मंडी जिले की जैव विविधता को उजागर करने के साथ-साथ हिमालयन रेड फॉक्स के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।