Kangra, Vikas-अमोकला प्रीतम गांव की सड़क की खस्ताहाली ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहीद कैप्टन अमोल कालिया मार्ग (चिंतपूर्णी-किन्नू-अमोकला-प्रीतम) का निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है, लेकिन ग्रामीण अभी तक सुरक्षित और सुगम कनेक्टिविटी से वंचित हैं।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से मुलाकात की। उन्होंने अपनी व्यथा बताते हुए बताया कि उन्होंने बेहतर सड़क की उम्मीद में अपनी जमीन दान की थी, लेकिन मार्ग पर गहरे गड्ढों के कारण आवागमन अब मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क की बदहाली से राशन की आपूर्ति बाधित हो रही है और बुजुर्गों, बच्चों तथा बीमारों के लिए आपातकालीन सेवाओं तक पहुंचना चुनौती बन गया है।विधायक बबलू ने लिखित शिकायत प्राप्त करने के बाद हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (HPPWD) के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही उन्हें सुरक्षित एवं सुगम मार्ग की सुविधा मिलेगी।