बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 स्थित कोमल ज्वेलर्स की दुकान से 8 अक्टूबर 2025 को हुई करोड़ों की ज्वेलरी चोरी में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने आरोपितों को बहादुरगढ़ न्यायालय में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि उनसे चोरी की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।
अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, एआई, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपितों तक पहुँच बनाई। पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली और मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपितों को पकड़ा गया। इसमें दिल्ली के झंगोला गांव के परमजीत और जसविंद्र तथा नांगलोई का राम सिंह शामिल हैं।
जांच में पता चला कि जसविंद्र के खिलाफ पहले से चोरी के छह मामले दर्ज हैं, जबकि परमजीत और राम सिंह पर दिल्ली, हरियाणा और मध्यप्रदेश में चोरी और डकैती के मामले दर्ज हैं। वारदात में चोरी की गई गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था, जिसे बाद में सबूत मिटाने के लिए यमुना नदी किनारे दिल्ली में जला दिया गया। पहले ही एक अन्य सदस्य सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) अमित दहिया ने बताया कि झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस जटिल मामले को सुलझाया। आरोपितों से पूछताछ के दौरान चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी की जाएगी और अन्य संभावित वारदातों के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।
मामला तब सामने आया था जब दुकानदार उमेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके सेक्टर-6 स्थित कबाड़ी मार्केट में दुकान का शटर टूटा मिला और सोने-चांदी के आभूषण एवं नकद राशि चोरी हो गई थी। यह मामला बहादुरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की मदद से मिलकर सुलझाया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच की मदद से इस अंतरराज्यीय गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है। पुलिस अब बाकी आरोपितों को पकड़ने के लिए भी अभियान जारी रखे हुए है।