नई दिल्ली |फरवरी के शुरुआती दिनों में ही दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में है, जिससे जनजीवन और यातायात दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है, जिसके चलते सड़कों और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने खराब दृश्यता को देखते हुए यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट ऑपरेशन CAT-III परिस्थितियों में संचालित किए जा रहे हैं, जिसके कारण आने-जाने वाली उड़ानों में देरी संभव है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें। एयरपोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सहायता के लिए सभी टर्मिनलों पर ऑन-ग्राउंड स्टाफ तैनात है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ देश के कई राज्यों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सोमवार को करीब 10 राज्यों में बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इन पहाड़ी राज्यों में आंधी के साथ तेज बारिश और कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। खासकर सुबह और देर रात के समय कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।