चंडीगढ़ I शहर के लाली रोड पर सदर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सदर थाना से करीब दो किलोमीटर दूर उस समय हुआ, जब अलीका की ओर से आ रही बाइक और रतिया रोड की तरफ जा रही एक निजी बस आमने-सामने टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार गांव खाई निवासी 62 वर्षीय कौशल्या देवी और बाइक चला रहे उनके 33 वर्षीय बेटे रॉबिन की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक रॉबिन की जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे।
जब पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तो परिजनों ने शव उठाने से रोक दिया और फरार बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपी चालक को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे शव नहीं ले जाने देंगे।
जानकारी के अनुसार, कौशल्या देवी अपने बेटे रॉबिन के साथ बाइक पर सवार होकर रतिया आधार कार्ड में सुधार करवाने जा रही थीं। वहीं, निजी बस का चालक गांव जमालपुर से कलोठा बारात लेकर जा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसके चलते बस में सवार बाराती भी पैदल ही कलोठा गांव की ओर रवाना हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।