टोहाना (फतेहाबाद)। शहर में अपराधियों के हौसले उस समय बुलंद नजर आए, जब बुधवार शाम बस स्टैंड के सामने स्थित गौरव ट्रेडिंग कंपनी की होलसेल किराना दुकान पर बाइक सवार तीन युवकों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे और अंदर घुसते ही गाली-गलौज करते हुए नकदी की मांग करने लगे। फर्म के साझेदार धीरज मेहता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और दराज में रखी नकदी लूट ली। जाते समय आरोपियों ने खुद को बॉक्सर गैंग का सदस्य बताते हुए दोबारा आने की धमकी भी दी।
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। व्यापारियों का कहना है कि आरोपी नशे की हालत में थे और वारदात के बाद सब्जी मंडी की ओर फरार हो गए, जहां उन्होंने दोबारा फायरिंग की।
सूचना मिलते ही डीएसपी उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।
व्यापार मंडल टोहाना के प्रधान राजेंद्र ठकराल ने कहा कि दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की, ताकि व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
वहीं, डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दुकानदारों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा