चंडीगढ़। हरियाणा में यातायात पुलिस द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक ईस्ट संजय कुमार (HPS) ने विभिन्न क्षेत्रों में अचानक निरीक्षण कर ड्यूटी व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि घाटा पावर हाउस क्षेत्र के जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र ड्यूटी समय में अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए उन्हें तत्काल अनुपस्थित दर्ज कर दिया गया और तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
सूरजकुंड मेले की ड्यूटी में भी मिली बड़ी चूक
इसके बाद ACP संजय कुमार ने सूरजकुंड मेले के दौरान भारी वाहनों के लिए लगाए गए नाकों का भी निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि फरीदाबाद के बंधवाड़ी टोल पर तैनात जोनल अधिकारी ASI आज़ाद ड्यूटी स्थल पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने की बजाय बूथ में बैठे पाए गए।
इतना ही नहीं, निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि उनके पास सरकारी बॉडी वार्न कैमरा भी नहीं था, जो ड्यूटी के दौरान अनिवार्य माना जाता है। इसे विभागीय आदेशों की खुली अवहेलना और गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए ACP ट्रैफिक ईस्ट ने ASI आज़ाद को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने दिया सख्त संदेश
यातायात पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और आदेशों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्रैफिक नियमों एवं विभागीय निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।
पुलिस प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आगे भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।