कैथल | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में स्कूल छात्रों के परीक्षा चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और शिक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश पर जोर देते हुए कहा कि पीएम ने बच्चों के लिए बेहतरीन संदेश दिया है, जिसे हर छात्र को अवश्य सुनना चाहिए। उन्होंने ई-विद्या पोर्टल का उल्लेख करते हुए बताया कि इस माध्यम से पीएम सीधे करोड़ों बच्चों से संवाद कर रहे हैं और मीडिया से अपील की कि इस संवाद को व्यापक रूप से दिखाया जाए।
इसके अलावा पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब में एक अखबार पर जीएसटी छापे के सवाल पर कहा, “मैं पहले ही इस पर टिप्पणी कर चुका हूं, दोबारा बोलना उचित नहीं।”
बुजुर्गों की पेंशन कटने के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया, “किसी भी व्यक्ति की पेंशन नहीं काटी जा रही है।” पत्रकारों द्वारा समाज कल्याण विभाग में जांच करने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा और बच्चों के हित में राज्य सरकार की पहलों पर भी प्रकाश डाला और छात्रों से प्रेरित होकर देशहित में सीख लेने का आग्रह किया।