हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कक्कड़ इलाके में वीरवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। ऊहल से भेरड़ा विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रही एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन (एचपी-20-1876) में सवार सभी लोग बारात से लौट रहे थे। शाम लगभग आठ बजे जैसे ही कार कक्कड़ के समीप पहुंची, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान देशराज (55) पुत्र — निवासी गांव झौखर, डाकघर गवारडू, तहसील टौणी देवी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार में कुल चार लोग सवार थे। प्रारंभिक तौर पर तीन लोगों के घायल होने की सूचना थी, लेकिन पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के अनुसार दो घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए टौणी देवी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना पुलिस और होमगार्ड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई की गहराई और दुर्गमता के कारण शव और घायलों को बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार में गहरा दुःख व्याप्त है और गांव में मातम पसरा हुआ है।