बरवाला। नेशनल हाईवे पर हिसार रोड पर एक सामान से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा नुकसान होने से बच गया। ट्रक पलटने के कारण हाईवे की एक लेन करीब एक घंटे तक बाधित रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बरवाला की ओर से सामान लेकर हिसार की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बीच पलट गया। गनीमत रही कि उसी समय पीछे या आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन ट्रक की चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया और अवरुद्ध मार्ग को खुलवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।