नूंह। नूंह जिले के जयसिंहपुर गांव के पास गुजर रही गुड़गांव कैनाल में देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर किनारे घूमने के दौरान पैर फिसलने से एक नवविवाहिता पानी में गिर गई। पत्नी को बचाने के प्रयास में पति भी नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों की डूबकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सादिक और उसकी पत्नी हंसीरा के रूप में हुई है, जो जयसिंहपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों की शादी को अभी करीब पांच महीने ही हुए थे, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि सादिक अपनी पत्नी को शाम के समय नहर के किनारे घुमाने लेकर गया था। इसी दौरान अचानक हंसीरा का पैर फिसल गया और वह सीधे नहर में जा गिरी। पत्नी को डूबता देख सादिक ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूंह के सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।