पुर्तगाल | पुर्तगाल में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में लिस्बन के एक मतदान केंद्र पर बच्चों को लोकतंत्र का अनुभव कराने के लिए एक अनोखी पहल की गई। इस दौरान बच्चों को काल्पनिक पात्रों जैसे ‘सुपर मारियो’ और ‘रोब्लॉक्स’ के नाम वाले विशेष मतपत्रों पर वोट डालने का मौका मिला। यह पहला ऐसा प्रयोग माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों को नागरिक जिम्मेदारी और लोकतंत्र की मूल बातें अनुभव के माध्यम से सिखाना है।
मतदान केंद्र पर पहुंचे बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर यह गतिविधि की। आठ वर्षीय आर्तुर की मां कैटरीना बारबोसा ने इसे अपने बेटे के लिए सीखने का बेहतरीन तरीका बताया। उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि जब वह 18 साल का हो, तो केवल सोफे पर न बैठे, बल्कि मतदान जरूर करे। यह मजेदार तरीका है जिससे उसे लगता है कि वह भी मतदान कर रहा है और नागरिक जिम्मेदारी समझ रहा है।”
नौ वर्षीय जोआओ और 11 वर्षीय कैरोलिना के माता-पिता ने भी इस पहल की सराहना की। उनके अनुसार, बच्चों को छोटी उम्र से ही जिम्मेदारी और अधिकारों के बारे में सिखाना आवश्यक है, ताकि जब वे बड़े हों तो लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों को समझ सकें।
इस प्रयोग को पुर्तगाल में पहली बार किया गया है और माना जा रहा है कि दुनिया के अन्य देशों में अभी तक ऐसा कोई उदाहरण नहीं है। बच्चों के लिए बनाए गए मतपत्रों पर लिखा था, “अपने पसंदीदा किरदार को वोट दीजिए।” राजधानी लिस्बन के मतदान केंद्र ने इस अनोखी पहल के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की कि लोकतंत्र का पहला पाठ केवल किताबों से नहीं बल्कि अनुभव से भी सिखा जा सकता है।