गुरुग्राम। शीतला माता मंदिर क्षेत्र के पास स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग बैंक्वेट हॉल के अंदर रखे सजावटी सामान और फर्नीचर में तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि घटना के समय हॉल में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-29, भीम नगर और उद्योग विहार फायर स्टेशन से 10 से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियातन आसपास की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी।
दमकल अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।