चंडीगढ़। पंजाब में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने NH-205A के अंबाला-चंडीगढ़ सेक्शन को ज़ीरकपुर बाईपास से जोड़ने के लिए 6 लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड स्पर कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 1,463.95 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने साझा की।
बताया गया है कि यह नया कॉरिडोर ट्राइसिटी रिंग रोड प्रोजेक्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिससे मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के शहरी इलाकों में ट्रैफिक को डायवर्ट कर जाम की समस्या कम की जा सकेगी। इससे रोजाना आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना के शुरू होने के बाद NH-44, NH-205A और NH-152 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा। साथ ही, यह नया मार्ग हिमाचल प्रदेश विशेषकर शिमला की ओर जाने वाले यात्रियों को तेज और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस 6 लेन कॉरिडोर के बनने से यात्रा समय कम होगा और क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना पंजाब और पड़ोसी राज्यों के बीच संपर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।