पटौदी (गुरुग्राम)। गुरुग्राम के हेलीमंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेवाड़ी जिले के गांव कुतुबपुर निवासी दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा हेलीमंडी-पटौदी मार्ग पर हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक ईश्वर दास अपने बड़े भाई गूगन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बादशाहपुर के उजड़खाई गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान जब वे हेलीमंडी-पटौदी रोड पर पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों भाई ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ईश्वर दास ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन तेज टक्कर के कारण हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही ट्रक चालक को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।