मंडी, धर्मवीर-:मंडी में चल रहे अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या के दौरान सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पंडाल में डांस कर रहे कुछ युवक आपस में उलझ पड़े। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। उस वक्त मंच पर प्रसिद्ध पहाड़ी गायक ईशांत भारद्वाज अपनी प्रस्तुति दे रहे थे और बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक नृत्य करते-करते आपस में बहस करने लगे, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। पंडाल में मौजूद लोगों में इससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए हस्तक्षेप किया। पहले युवकों को शांत कराने और समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें काबू में किया। क्यूआरटी दल ने सभी संबंधित युवकों को पंडाल से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद कार्यक्रम दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सका।
प्रशासन ने बताया कि इस बार महोत्सव में अपेक्षा से अधिक भीड़ उमड़ी है, इसलिए अतिरिक्त पुलिस बल पहले से ही तैनात किया गया था। समय रहते कार्रवाई होने से कोई बड़ा हादसा टल गया और सांस्कृतिक संध्या शांतिपूर्वक संपन्न हुई।