धर्मशाला, राहुल-:डॉ. राजीव भारद्वाज ने शनिवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में, जहां कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, वहां इस तरह का व्यवहार देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। उनका आरोप था कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कुछ नेताओं के इशारे पर युवा कार्यकर्ताओं ने ऐसा कदम उठाया, जिससे भारत की प्रतिष्ठा पर आंच आई है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना एक राजनीतिक अधिकार हो सकता है, लेकिन देश के सम्मान से जुड़े मंचों पर संयम और जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होना चाहिए और वैश्विक आयोजनों में सभी दलों को एकजुटता दिखानी चाहिए।वहीं, होशियार सिंह, पूर्व विधायक देहरा, ने भी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय सम्मेलन में कथित तौर पर कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय है। उनके अनुसार, ऐसी हरकतों से देश की गरिमा को ठेस पहुंचती है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय राजनीति में बहस तेज हो गई है। सत्तापक्ष जहां इसे राष्ट्रहित से जोड़ रहा है, वहीं विपक्ष इसे लोकतांत्रिक विरोध का हिस्सा बता रहा है। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह मुद्दा अब प्रदेश की सियासत में नया विवाद बनकर उभरा है।