लुधियाना I शहर के प्रताप चौक इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक 16 वर्षीय किशोर और उसके चाचा पर करीब एक दर्जन युवकों ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर स्कॉर्पियो और एक अन्य कार में सवार होकर फरार हो गए।
मामले में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने पंकज युद्धवंशी, कुशल वर्मा, साहिब सिंग और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, 16 वर्षीय शौर्य वर्मा ने हमले के दौरान अपने चाचा विकास वर्मा को फोन कर मदद मांगी। उसने बताया कि प्रताप चौक के पास कुछ युवक उसे घेरकर पीट रहे हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि 10-12 युवक शौर्य को सड़क पर गिराकर बेरहमी से मार रहे थे।
जब विकास वर्मा अपने भतीजे को बचाने के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। परिवार ने हाथ जोड़कर हमलावरों से रहम की अपील की, लेकिन आरोपियों ने कथित पुरानी दुश्मनी का हवाला देते हुए दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी सफेद रंग की स्कॉर्पियो और एक अन्य वाहन में सवार होकर हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।