शिमला, संजू-:शिमला में दृष्टिबाधितों का आंदोलन लगातार जारी है। दृष्टिबाधित संघ पिछले दो वर्षों से अधिक समय से बैकलॉग भर्ती और अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। अब संघ के सदस्य 280 दिनों से प्रदेश सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। मांगें पूरी न होने की स्थिति में संघ ने आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी है और बजट सत्र के दौरान सरकार तक अपनी आवाज और बुलंद करने की बात कही है।
दृष्टिबाधित संघ के सदस्य देशराज ने बताया कि वे 280 दिनों से प्रदेश सचिवालय के बाहर डटे हुए हैं और सरकार से बैकलॉग भर्ती व बैकलॉग कोटा भर्ती पर ठोस निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इतने लंबे समय से धरने पर बैठे होने के बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनसे मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान की गंभीर पहल नहीं की है।
संघ का कहना है कि रिक्त पदों पर लंबित बैकलॉग भर्ती को जल्द भरा जाए और दिव्यांगों को उनका अधिकार सुनिश्चित किया जाए। इस मुद्दे को प्रदेश विधानसभा में विधायक विनोद कुमार ने भी उठाया है और सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग वर्ग की अनदेखी उचित नहीं है और उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।देशराज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे दोबारा चक्का जाम जैसे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।