बिलासपुर, सुभाष -:सदर विधानसभा क्षेत्र के वन विभाग ने कुड़ी बीट के जंगल झलेडा में खैर के अवैध कटान को रोकते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। वाहन में खैर की लकड़ी के 50 मोछे लदे हुए थे।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत कार्रवाई के लिए जंगल की ओर रवाना हुई। टीम ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। तत्परता से पीछा करने के बाद टीम ने मंडी भराड़ी के पास पिकअप को रोकने में सफलता प्राप्त की।
पकड़े गए वाहन में तीन लोग सवार थे। वन विभाग ने तुरंत वाहन को कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वन विभाग सदर के आरओ नरेंद्र सिंह दयाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया है और अवैध कटान में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।आरओ ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कटान रोकने के लिए अभियान और तेज किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वन विभाग लगातार जंगलों में निगरानी बढ़ा रहा है ताकि खैर और अन्य कीमती पेड़ों की कटाई को रोका जा सके।वन अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे अवैध लकड़ी कटान की सूचना तुरंत वन विभाग को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जंगल की रक्षा की जा सके।