तरनतारन | भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। तरनतारन जिले के गांव डल स्थित एक निजी स्कूल परिसर में ड्रोन के जरिए हथियार गिराए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में संदिग्ध पैकेट गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना खालड़ा के एएसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि जब पैकेट की जांच की गई तो उसमें से चीन निर्मित एक पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं तथा ड्रोन के जरिए हथियार भेजने के पीछे के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद स्कूल के छात्रों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में ड्रोन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कह रही हैं।