झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले के बिरधाना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने घर के बाहर ही पत्नी अंजलि पर ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल अंजलि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद संजय ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सीआईए और स्पेशल स्टाफ की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।