करनाल। शिव कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सुरक्षाकर्मी शुभम का शव चार दिन बाद जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ। युवक 26 फरवरी की रात से लापता था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा कथित मारपीट के बाद वह घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
जानकारी के अनुसार, शुभम की बाइक कैथल रोड स्थित पश्चिमी यमुना नहर के किनारे खड़ी मिली थी, जिसके बाद परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई थी। मामले में रामनगर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। सोमवार को पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की धाराएं जोड़ी जाएंगी।
मृतक की मां बाला देवी का आरोप है कि 26 फरवरी की शाम ससुराल पक्ष के कुछ लोग शुभम को बुलाकर ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब के नशे में बेटे के साथ कॉलोनी में मारपीट की गई और घर पहुंचकर भी उत्पात मचाया गया। परिवार ने ससुराल पक्ष के 10 लोगों, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं, पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, वीरवार रात करीब नौ बजे ससुर का फोन आने के बाद शुभम घर से निकला था। रात 12 बजे उसने आखिरी बार कॉल कर बताया कि वह नहर किनारे बैठा है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन नहर किनारे उसकी बाइक मिली, जबकि युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
शुभम की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी है। वह निजी सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।