अंबाला | अंबाला शहर के रतनगढ़ इलाके में 40 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मोहित ने अपने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब उसकी पत्नी निशा कमरे में पहुंची और उसे पंखे से लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
जांच अधिकारी एसआई सुशील कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहित कपड़ा मार्केट में एक दुकान पर पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ समय से परेशान चल रहा था। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और करीब 10 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में कुछ लोगों के नाम भी लिखे गए हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।