Summer Express , गुड़गांव | नासिर और जुनैद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और बजरंग दल के कार्यकर्ता मोनू मानेसर जेल से रिहा होने के बाद देर रात अपने गांव मानेसर लौट आया। उसके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और ढोल नगाड़ों की थाप पर उसे फूल मालाओं से सजाकर गोद में उठाकर घर तक ले गए। देर रात तक गांव में जश्न का माहौल देखा गया।
मोनू मानेसर को राजस्थान पुलिस ने लगभग दो साल पहले गुड़गांव से गिरफ्तार किया था। तब से वह राजस्थान की जेल में बंद था। जयपुर हाईकोर्ट ने उसे जमानत दे दी और बेल बॉन्ड भरने के बाद देर रात उसे जेल से रिहा किया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से वह अपने गांव मानेसर पहुंचा। मोनू को राजस्थान से गुड़गांव लाने के लिए कई गाड़ियों का काफिला भी भेजा गया था।
गांव लौटने पर लोगों ने उसका जोरदार स्वागत किया, उसे गोद में उठाया और फूल मालाओं से सजाकर घर तक ले गए। ग्रामीणों ने देर रात तक जश्न मनाया और स्वागत का माहौल कायम रखा।
मोनू मानेसर को 12 अगस्त 2023 को गुड़गांव पुलिस ने पटौदी में हुई फायरिंग और नूंह दंगों के दौरान भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इन दोनों मामलों में गुड़गांव कोर्ट ने उसे जमानत दे दी थी। इसके बावजूद राजस्थान पुलिस ने उसे नासिर-जुनैद हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताते हुए ट्रांजिट रिमांड पर जेल भेजा था। तब से वह राजस्थान की जेल में बंद था। अब हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद मोनू मानेसर अपने गांव लौटकर फिर से चर्चा में आ गया है।