Summer Express ,हिसार । हिसार की महाबीर कॉलोनी में एक घर में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के दो कमरों में रखा लगभग सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार महाबीर कॉलोनी की गली नंबर-12 में यह घटना हुई। यहां किराये पर रहने वाली सरोज गैस चूल्हे पर चाय बना रही थीं, तभी अचानक सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। उन्होंने रेगुलेटर बंद करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही आग तेजी से भड़क उठी। स्थिति को देखते हुए वह अपने पोते को लेकर तुरंत कमरे से बाहर निकल गईं।
कुछ ही देर में आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मी देवी के कमरे तक भी पहुंच गई। आग के कारण फ्रीज, एलईडी टीवी समेत कई घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों ने दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। बाद में मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक दोनों कमरों का अधिकांश सामान जल चुका था।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने मेहनत से एक-एक कर घरेलू सामान जुटाया था, जो आग में नष्ट हो गया। प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।