Summer Express ,कैथल, बलिन्द्र कुमार | कैथल शहर की सबसे पुरानी और व्यस्त सड़कों में शामिल छात्रावास रोड की तस्वीर अब बदलने जा रही है। नगर परिषद द्वारा करीब 80 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिससे वर्षों से परेशान शहरवासियों और दुकानदारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंगलवार को नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने शहरवासियों और स्थानीय दुकानदारों की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही इस सड़क को अब नए सिरे से विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन पहले से अधिक सुगम हो सकेगा।
छात्रावास रोड कैथल शहर की सबसे पुरानी सड़कों में से एक मानी जाती है। इसी मार्ग पर शहर का पुराना और प्रमुख बाजार भी स्थित है, जहां दिनभर भारी आवाजाही बनी रहती है। वर्षों से सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी थी और बरसात के दिनों में सीवर जाम होने के कारण सड़क पर पानी भर जाता था, जिससे आवागमन बाधित हो जाता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 20 वर्षों से इस सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही थी। अब नगर परिषद द्वारा सड़क निर्माण की पहल किए जाने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि सड़क के पुनर्निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि बाजार क्षेत्र के दुकानदारों और ग्राहकों को भी काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के माध्यम से शहर की अन्य जर्जर सड़कों को भी चरणबद्ध तरीके से सुधारा जाएगा।
नई सड़क बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात सुचारु होगा और आसपास के बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।