सांगली | महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय छात्रा की मौत उसके पिता की पिटाई से हो गई। छात्रा साधना भोंसले, जो NEET की तैयारी कर रही थी, को उसके पिता ने मॉक टेस्ट में कम अंक आने पर इतनी बेरहमी से पीटा कि इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी जान चली गई।
होनहार छात्रा, लेकिन क्रूर अंत
साधना ने 10वीं बोर्ड में 92.60% अंक हासिल किए थे और पिछले एक साल से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटी थी। लेकिन हाल ही में हुए एक मॉक टेस्ट में अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने पर उसके पिता धोंडीराम भोंसले, जो एक स्कूल प्रिंसिपल हैं, ने आपा खो दिया और डंडे से बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस हमले में साधना को सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे उषाकल अस्पताल, सांगली लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के अनुसार, इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मां की शिकायत पर मामला दर्ज
22 जून को साधना की मां ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि पति ने प्रैक्टिस टेस्ट में कम अंक आने पर बेटी को पीटा था, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
आरोपी गिरफ्तार, हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पिता को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपनी गलती स्वीकार की है। फिलहाल उसे 24 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोप पत्र जल्द दाखिल किया जाएगा।