शिमला, 10 मार्च-:मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आज शिमला के ISBT टूटीकंडी से राज्य की नई प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा के माध्यम से यात्रियों को तय किराए पर सुरक्षित और पारदर्शी टैक्सी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।नई व्यवस्था के तहत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से अपनी यात्रा के लिए टैक्सी बुक करवा सकेंगे। काउंटर पर किराया जमा करने के बाद यात्रियों को एक भुगतान पर्ची दी जाएगी, जिसे टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। चालक यात्री को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएंगे और वापसी पर पर्ची काउंटर पर जमा कर भुगतान प्राप्त करेंगे।
किराया पहले ही जमा होने के कारण यात्रियों को चालक के साथ किराए को लेकर किसी प्रकार की असुविधा या विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह सेवा शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर करेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट तथा चंडीगढ़ के लिए भी टैक्सी सुविधा उपलब्ध रहेगी।इस प्री-पेड टैक्सी सेवा में कुल 115 वाहन शामिल किए गए हैं, जिनका संचालन स्थानीय टैक्सी यूनियन द्वारा किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से किराया दरों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी क्योंकि सभी दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंदर चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।