Summer Express, पंचकूला । हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की हाल ही में हुई बैठक में पांच विधायकों की गैरहाजिरी ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। बैठक में कुल 37 में से केवल 32 विधायक ही शामिल हुए, जिसके बाद पार्टी प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने स्थिति पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी उम्मीदवार की जीत तय है।
सूत्रों के अनुसार बी.के. हरिप्रसाद मंगलवार को पूरे दिन चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में मौजूद रहे और पार्टी नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा करते रहे। इस दौरान सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुडधे भी उनके साथ रहे। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ भी कई दौर की बैठक हुई, जिसमें राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात हुई विधायक दल की बैठक में जुलाना से विधायक विनेश फोगाट, बादली से कुलदीप वत्स, ऐलनाबाद से भरत सिंह बेनीवाल, कैथल से आदित्य सुरजेवाला और पंचकूला से चंद्रमोहन बिश्नोई शामिल नहीं हुए। इनमें से कुछ विधायकों को पार्टी के अलग-अलग खेमों से जोड़ा जाता है, जिससे राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं।
राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेतृत्व विधायकों की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में 13 मार्च को सभी 37 विधायकों के लिए एक रात्रिभोज बैठक आयोजित करने की योजना बनाई गई है। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में जरूरत पड़ने पर विधायकों को दूसरे राज्यों में शिफ्ट करने के विकल्प पर भी चर्चा हो सकती है।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी को 31 प्रथम वरीयता वोटों की आवश्यकता है। वहीं भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नंदाल को कांग्रेस विधायकों में संभावित क्रॉस वोटिंग की उम्मीद है।
इस बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी विधायक पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि क्रॉस वोटिंग होती है तो वह भाजपा के भीतर ही देखने को मिलेगी।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी विधायकों की गैरहाजिरी को सामान्य बताते हुए कहा कि जिन विधायक बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायक नेतृत्व के साथ हैं और राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।